एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को टेक्सस के बोका चिका में नेचुरल गैस पावर प्लांट लगाने के लिए वायु प्रदूषण परमिट मिल गया है। यह मंजूरी डेमोक्रेटिक गवर्नर-इलेक्ट जीना हिनोजोसा के पदभार संभालने से कुछ ही हफ्ते पहले दी गई है। यह पावर प्लांट ब्राउनसविले के पूर्व में प्रस्तावित विशाल सुपरकंप्यूटिंग कॉम्प्लेक्स का हिस्सा है। स्टारबेस शहर के अनुमान के मुताबिक, कंप्यूटिंग सुविधा के शुरुआती चरणों पर करीब 24 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है।
टेक्सस कमीशन ऑन एनवायर्नमेंटल क्वालिटी ने पिछले हफ्ते डेटा सेंटर परियोजनाओं के लिए परमिट पर लगी रोक हटाते हुए तीन एयर परमिट जारी किए। स्पेसएक्स के अलावा इन मंजूरियों में सैन मार्कोस के पास क्लाउडबर्स्ट डेटा सेंटर को बिजली देने वाला पावर प्लांट और एबिलिन के उत्तर-पूर्व में स्थित एटलस एनर्जी सॉल्यूशंस का एक प्लांट भी शामिल है। परमिट जारी करने से पहले निवर्तमान रिपब्लिकन गवर्नर ग्रेग एबॉट के कार्यालय ने एजेंसी को बताया कि राज्य के ग्रिड ऑपरेटर ने यह जानकारी जुटा ली है कि डेटा सेंटर स्थानीय समुदायों को कैसे प्रभावित कर सकते हैं।
यह मंजूरी डेवलपर्स को जनवरी में टेक्सस के सांसदों के लौटने और नई सरकार के कामकाज संभालने से पहले निर्माण शुरू करने का मौका देती है। 1990 के बाद टेक्सस की गवर्नर चुनी जाने वाली पहली डेमोक्रेट जीना हिनोजोसा ने चुनाव प्रचार के दौरान डेटा सेंटर उद्योग को लेकर कड़े रुख के संकेत दिए थे। उन्होंने नए डेटा सेंटरों के विकास पर रोक लगाने, इस सेक्टर को मिलने वाली टैक्स छूट खत्म करने और परियोजनाओं की जगह तय करने में स्थानीय लोगों को ज्यादा अधिकार देने का वादा किया था। चुनाव से पहले निवर्तमान गवर्नर एबॉट ने भी निगरानी सख्त करते हुए डेवलपर्स से अपना खर्च खुद उठाने, पानी की व्यवस्था करने और पावर ग्रिड की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा था।
स्पेसएक्स के इस प्रोजेक्ट पर एक स्थानीय फैसला अभी आना बाकी है। पोर्ट ऑफ ब्राउनसविले के पास करीब 444 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए प्रस्तावित प्रॉपर्टी टैक्स छूट पर स्टारबेस के कमिश्नर 9 दिसंबर को सार्वजनिक सुनवाई करेंगे। टेक कंपनियां और डेटा सेंटर डेवलपर्स अब पावर ग्रिड पर निर्भर रहने के बजाय ऑन साइट बिजली पैदा करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। अगस्त में इलेक्ट्रिक रिलायबिलिटी काउंसिल ऑफ टेक्सस के पास 474 गीगावाट से ज्यादा बिजली कनेक्शन के आवेदन आए थे। सितंबर तक इनमें से 204 प्रोजेक्ट्स (66.4 गीगावाट) को अस्थायी मंजूरी मिली, जबकि 158 अन्य प्रोजेक्ट्स (127.9 गीगावाट) अभी जांच के दायरे में हैं। फाइनेंशियल टाइम्स द्वारा उद्धृत क्लीनव्यू के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में खुद बिजली पैदा करने की योजना बना रहे 59 डेटा सेंटरों की कुल 90 गीगावाट क्षमता का लगभग आधा हिस्सा अकेले टेक्सस में है। जनरेटर आपूर्तिकर्ता कंपनी ईरॉक के सीईओ जॉन कैरिंगटन के मुताबिक, अगर टेक्सस में नियम ज्यादा सख्त होते हैं, तो अर्कांसस, ओक्लाहोमा और वेस्ट वर्जीनिया जैसे राज्य इन प्रोजेक्ट्स को अपने यहां आकर्षित करने के लिए तैयार बैठे हैं।
