ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी अपने क्विक कॉमर्स डिवीजन इंस्टामार्ट से 340 कर्मचारियों को निकालने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ग्रोथ के अगले चरण के लिए अपने बिजनेस को रीस्ट्रक्चर कर रही है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल भी बढ़ा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इंस्टामार्ट के अंदर मुख्य रूप से कॉर्पोरेट और सपोर्ट फंक्शन की टीमों के कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पैकेज और आउटप्लेसमेंट सपोर्ट की व्यवस्था की है, साथ ही रिलोकेशन की सुविधा भी दी जा रही है। हालांकि, स्विगी ने इस मामले पर मीडिया के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया है।
यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब इंस्टामार्ट कई तिमाहियों से खराब प्रदर्शन और बढ़ते नुकसान से जूझ रहा है। कंपनी का लक्ष्य लागत और घाटा कम करना है। ब्लिंकइट, ज़ेप्टो, फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेज़न नाउ जैसी कंपनियों की ओर से क्विक कॉमर्स क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा भी तेज हो गई है। बेंगलुरु स्थित स्विगी के पास लगभग 13,500 करोड़ रुपये की नकदी और उसके बराबर की अन्य संपत्तियां बताई जा रही हैं।
वित्तीय आंकड़ों की बात करें तो FY27 की दूसरी तिमाही (Q2) में स्विगी का नेट लॉस सालाना आधार पर 15.6 प्रतिशत घटकर 922 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 1,092 करोड़ रुपये था। पिछली तिमाही में कंपनी ने 791 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया था, जिस पर इसके क्विक कॉमर्स वर्टिकल इंस्टामार्ट के तेजी से विस्तार का असर पड़ा।
