पटना साहिब स्थित लगभग 2600 वर्ष पुराने गांधी सरोवर (मंगल तालाब) को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम करीब 14.05 करोड़ रुपये की लागत से विकसित और संवार रहा है। परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और दिसंबर के अंत तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। निगम के कार्यपालक अभियंता रामानुज प्रसाद ने गुरुवार शाम यह जानकारी दी। 25 एकड़ में फैले काजू के आकार के इस तालाब और आसपास के क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पर्यटन स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है, ताकि 360वें प्रकाशपर्व पर देश-विदेश से आने वाली संगतों और पर्यटकों के लिए यह नया आकर्षण केंद्र बने।
अब तक 10 दुकानों का निर्माण पूरा हो चुका है और महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग ब्लॉक शौचालय बनाए गए हैं। पाथवे के निर्माण के लिए पाइलिंग कर रिटेनिंग वाल तैयार की गई है; अब छड़ मोड़ने के बाद पाथवे बनाया जाएगा। परिसर में नौका विहार की सुविधा विकसित की जाएगी और तालाब में रंग-बिरंगी रोशनी वाला म्यूजिकल झरना बनेगा, जहां भारतीय शास्त्रीय संगीत और बिहार के लोकगीतों की धुन पर पानी के फव्वारे थिरकेंगे। खुले आसमान के नीचे लेजर शो के जरिए भारतीय संस्कृति, बिहार की परंपरा, ऐतिहासिक विरासत और विकास की झलक दिखाई जाएगी। तालाब के चारों ओर दर्शकों के बैठने के लिए गैलरी भी बनाई जाएगी।
परिसर में बच्चों के लिए पार्क, युवाओं के लिए ओपन जिम तथा जॉगिंग और वाकिंग ट्रैक विकसित किए जाएंगे। योगाभ्यास के लिए अलग स्थल, रंग-बिरंगे फूलों वाला बगीचा और हर्बल उद्यान भी तैयार होगा। लोगों के बैठने के लिए गार्डन चेयर और छतरी वाली सीमेंटेड कुर्सियां लगाई जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत शुक्रवार गुलजार और शनिवार बहार जैसे आयोजन होंगे। तालाब के किनारे स्थित ऐतिहासिक बिहार हितैषी पुस्तकालय और खानकाह इमादिया इस क्षेत्र की विशेष पहचान हैं; पन्ना लाल यादव मुक्ताकाश मंच सहित आसपास के भवनों का जीर्णोद्धार भी कराया जा रहा है।
परिसर के उत्तरी प्रवेश द्वार पर 120 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाएगा, जबकि पूर्वी द्वार पर पांच सुनहरी मछलियों की स्थायी कलाकृतियां बनाई जाएंगी। उत्तरी द्वार पर खुले पिंजरे से आसमान की ओर उड़ती तीन सुनहरी चिड़ियों की कलाकृति भी आकर्षण का केंद्र होगी और परिसर की दीवारों को कलात्मक तरीके से सजाया जाएगा। पर्यटकों के लिए फूड प्लाजा और फूड कार्नर बनाए जा रहे हैं, जहां पारंपरिक बिहारी व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। प्रवेश द्वार के समीप वाहनों की सुरक्षित पार्किंग और उत्तरी गेट के पास प्रशासनिक भवन का निर्माण होगा। सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
