मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती ने अपनी सहेली पर शादी का दबाव बनाने और इनकार करने पर उसका रिश्ता तुड़वाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार उसकी सहेली समलैंगिक है और उससे लगातार घर से भागकर शादी करने को कह रही थी। युवती ने बताया कि उसने कई बार सहेली के परिजनों से शिकायत की, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इस बीच युवती के परिवार ने उसकी शादी तय कर दी।
आरोप है कि शादी की जानकारी मिलने पर सहेली ने युवती को अपने साथ भाग चलने और जहर खाकर जान देने तक की बात कही। युवती ने इनकार किया तो आरोपी सहेली ने इंस्टाग्राम पर उसकी फर्जी आईडी बनाकर होने वाले पति और ससुराल वालों को एआई से बने फोटो भेजे। आरोप है कि चैट में उसने युवती के प्रेम संबंध होने की बात कही, जिसके बाद ससुराल पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया।
पीड़िता का आरोप है कि सहेली ने अपने भाई और अन्य लोगों से भी पति व ससुरालियों की बातचीत कराई। अब आरोपी सहेली युवती और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रही है। पीड़िता ने लिसाड़ी गेट थाने में सहेली के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
