भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने सेवा और लेनदेन संबंधी वॉयस कॉल के लिए 1601 नंबर सीरीज का दायरा बढ़ा दिया है। शुक्रवार को जारी फैसले के अनुसार अब ई-कॉमर्स, खुदरा कारोबार, अस्पताल, एयरलाइंस, खाद्य और राइड-हेलिंग एग्रीगेटर समेत कई क्षेत्र इस नंबर सीरीज का उपयोग कर सकेंगे। प्राधिकरण ने इसके लिए पात्रता के मानदंड भी तय किए हैं।

ट्राई के अनुसार, दूसरे चरण में निदान प्रयोगशालाएं, इंटरनेट सेवा प्रदाता, वाहन बिक्री, दूरसंचार सेवा प्रदाता, ट्रैवल एजेंसियां, वाहन मरम्मत और सर्विसिंग तथा ऋण सेवा प्रदाता को भी इस दायरे में शामिल किया गया है। पिछले तीन वर्ष में न्यूनतम 500 करोड़ रुपये के टर्नओवर वाली इकाइयां ही इसके लिए पात्र होंगी।

दूरसंचार विभाग की ओर से आवंटित 1601 नंबर सीरीज सरकार और बैंकिंग, वित्तीय सेवा तथा बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र से बाहर की पात्र इकाइयों के लिए है। ये नंबर केवल भारत में लागू कानूनों के तहत पंजीकृत कंपनियों को दिए जाएंगे। प्रचार संबंधी वॉयस कॉल के लिए इस नंबर सीरीज का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है।