जीपीटी-5 की सुरक्षा जांच कर चुके निकोला युर्कोविच ने एक लेटर जारी कर चेतावनी दी है कि 2027 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कोरोना से भी बड़ा संकट खड़ा कर सकता है। हार्वर्ड से पढ़े निकोला के मुताबिक, एआई पर नियंत्रण छूट रहा है और इससे बड़े पैमाने पर जानें जा सकती हैं। उन्होंने लोगों से घर में 14 दिन का राशन-पानी और नकदी रखने की सलाह दी है, क्योंकि ऑनलाइन बैंकिंग ठप हो सकती है। शुक्रवार तक उनका लेटर 8.09 लाख बार देखा जा चुका है।

युर्कोविच ने तीन बड़े खतरों का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, एआई इंसानों के नियंत्रण से बाहर होकर जरूरी सेवाओं के संचालन तंत्र में सेंध लगा सकता है और 2027 में खुद को विकसित कर दुनिया के सबसे बुद्धिमान इंसान से भी आगे निकल सकता है। दूसरा, अहम फैसले लेने वाले लोग लापरवाही में अपने अधिकार एआई को सौंप सकते हैं, जिससे मशीनें ऐसे लक्ष्यों के लिए काम कर सकती हैं जो इंसानों के अस्तित्व के खिलाफ हों। तीसरा, गलत इरादे वाले लोग एआई की बढ़ती क्षमताओं का इस्तेमाल जैविक हथियार बनाने में कर सकते हैं।

उन्होंने आशंका जताई है कि अगर एआई के विकास की रफ्तार नहीं थमी तो 2030 के अंत तक मानवता के खत्म होने या नियंत्रण खो देने की आशंका 50% है। इन खतरों से बच भी गए तो 10 साल में मौजूदा ज्यादातर नौकरियां खत्म हो सकती हैं। लेटर में उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें यकीन नहीं कि अगले थैंक्सगिविंग तक हम जीवित रहेंगे। इस साल कंपनियों के कंप्यूटर सिस्टम में एआई की सेंध से आर्थिक नुकसान हुआ है।

अन्य विशेषज्ञों ने भी एआई की स्पीड कम करने की सलाह दी है। एआई के जनक कहे जाने वाले योशुआ बेंजियो के मुताबिक, हम तेजी से ऐसे एआई बना रहे हैं जिन्हें नियंत्रित करना नहीं जानते और मानवता खतरों की ओर बढ़ रही है। नोबेल विजेता जेफ्री हिंटन ने कहा कि कुछ साल में एआई इंसानों से ज्यादा बुद्धिमान हो सकता है, इसलिए उसे नियंत्रित करने का तरीका खोजना होगा।