मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित नेताजी सुभाष चंद सभागार में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026 शुरू हुआ। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव डा. सुधीर एम. बोबडे ने क्षेत्र के स्टार्टअप इकोसिस्टम की स्थिति और चुनौतियों को प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पश्चिमांचल के 30 जिलों में केवल 13 में मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेशन सेंटर हैं, जबकि क्षेत्र के कुल 46 मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटर में से 26 अकेले गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में संचालित हैं। पश्चिमांचल में करीब 1825 स्टार्टअप हैं, जो प्रदेश के कुल स्टार्टअप का लगभग 58.2 प्रतिशत हैं। गौतमबुद्धनगर में अकेले 1165 स्टार्टअप दर्ज हैं।

डा. बोबडे ने बताया कि प्रदेश के 40 सरकारी विश्वविद्यालयों में से 13 पश्चिमांचल में हैं, जिनमें 12 राज्य विश्वविद्यालय और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय शामिल है। प्रदेश के 54 निजी विश्वविद्यालयों में से 40 पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हैं, लेकिन इनमें केवल 15 के पास मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटर हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों से इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने और उन्हें मान्यता दिलाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। उनके अनुसार नए स्टार्टअप को शुरुआती निवेश में कठिनाई होती है और एक्सेलरेटर की सीमित संख्या भी विकास में बाधा है। राज्य की स्टार्टअप नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समयबद्धता और जिम्मेदारी तय करने की जरूरत है।

प्रथम तकनीकी सत्र में शिक्षा मंत्रालय के पूर्व चीफ इनोवेशन आफिसर डा. अभय जेरे ने शिक्षा, रोजगार और तकनीकी बदलावों के संदर्भ में पांच बड़े डिसरप्शन की चर्चा की। उन्होंने कहा कि रोजगार की पारंपरिक अवधारणा बदल रही है और अब स्थायी नौकरी के बजाय प्रोजेक्ट आधारित काम का महत्व बढ़ रहा है। उद्योगों को केवल डिग्रीधारी नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान करने वाले युवा चाहिए। उन्होंने कहा कि तीन से पांच वर्षों में तकनीक का स्वरूप बदल सकता है, इसलिए आजीवन सीखने की अवधारणा को शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाना होगा।