सुकेश चंद्रशेखर की जिंदगी पर बनने वाली नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है। यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर को रिलीज होनी है। मंत्रालय ने यह कदम आपराधिक मुकदमों के लंबित रहने के दौरान प्रसारण पर आपत्ति जताने वाली याचिका के बाद उठाया है।

27 नवंबर, 2026 को जारी एक आधिकारिक पत्र (संदर्भ संख्या: J-11013/19/2025-DM) में मंत्रालय ने कुछ सवाल किए हैं। दिल्ली की मंडोली जेल में न्यायिक हिरासत में बंद सुकेश की ओर से एडवोकेट अनंत मलिक द्वारा पेश की गई कॉपी मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को भेजी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के डेप्युटी डायरेक्टर (डिजिटल मीडिया) क्षितिज अग्रवाल के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि इसे सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से जारी किया गया है। मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से कहा है कि वह सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 और लागू भारतीय कानूनों के तहत कॉपी में उठाए गए मुद्दों की जांच करे और पत्र मिलने के सात दिनों के भीतर अपना जवाब दे। मंत्रालय ने आचार संहिता का हवाला देते हुए कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए यह अनिवार्य है कि वे कानून द्वारा रोकी गई किसी भी सामग्री का प्रसारण न करें और उचित सावधानी व विवेक का प्रयोग करें। हालांकि, इस स्तर पर जारी पत्र में डॉक्यूमेंट्री की रिलीज पर किसी तरह की रोक, प्रतिबंध या स्थगन का निर्देश नहीं दिया गया है।

इससे पहले सुकेश के वकील अनंत मलिक ने नेटफ्लिक्स एंटरटेनमेंट सर्विसेज इंडिया, नेटफ्लिक्स इंक., इंडिया टुडे ग्रुप, डॉक्यूमेंट्री के दोनों निर्देशकों और कार्यकारी निर्माता को कानूनी नोटिस भेजकर रिलीज रोकने की मांग की थी। नोटिस में फिल्म की रिलीज और ट्रेलर को तब तक रोकने की मांग की गई, जब तक संबंधित आपराधिक मामलों में अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही पूरी नहीं हो जाती। नोटिस का जवाब देने के लिए नेटफ्लिक्स और इंडिया टुडे को 72 घंटे का समय दिया गया था। वकील के मुताबिक, सुकेश के खिलाफ कथित 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली और तिहाड़ जेल से जुड़े मामलों की सुनवाई अदालत में चल रही है। राउज एवेन्यू कोर्ट में मकोका के तहत दर्ज मामले में गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और इस मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्यूमेंट्री सुकेश की किशोरावस्था से अब तक की जिंदगी दिखाने का दावा करती है, लेकिन इसकी जानकारी प्रेस रिपोर्ट और इंटरनेट पर मौजूद कंटेंट पर आधारित है, जिसकी अदालत में जांच नहीं हुई है। नोटिस में यह भी दावा किया गया कि डॉक्यूमेंट्री बनाने वालों ने सुकेश से संपर्क नहीं किया और न ही उनके नाम, तस्वीर, आवाज या जीवन की कहानी के इस्तेमाल की अनुमति ली। वकील ने कहा है कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे दिल्ली हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

इस घटनाक्रम ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर चल रही आपराधिक कार्यवाही का सामना कर रहे व्यक्तियों के चित्रण से जुड़ी बहस को फिर से केंद्र में ला दिया है, खासकर रचनात्मक स्वतंत्रता, जनहित, निर्दोषता की धारणा और निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार के बीच संतुलन को लेकर। अब इस मामले में नेटफ्लिक्स के जवाब और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।