सिवान में आत्मा के तत्वावधान में चार और पांच दिसंबर को दो दिवसीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला कृषि कार्यालय परिसर में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत होगा और दोनों दिन कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा।
मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ना है। इस दौरान प्राकृतिक खेती, उत्कृष्ट कृषि तकनीक तथा फल-फूल और सब्जियों के उन्नत उत्पादन से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कृषि क्षेत्र में उभर रही इमरजिंग टेक्नोलॉजी को भी प्रदर्शनी के माध्यम से दिखाया जाएगा।
आत्मा के परियोजना निदेशक सह जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। प्रदर्शनी में उपलब्ध तकनीकी जानकारियों और कृषि प्रादर्शों के जरिए किसान बेहतर उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण उपज और खेती की नवीन संभावनाओं को समझ सकेंगे।
प्राकृतिक खेती के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए इससे जुड़ी तकनीकों और तरीकों को प्रमुखता दी जाएगी। मेले में किसानों को कृषि क्षेत्र के नवाचारों को करीब से देखने और नई तकनीकों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। आत्मा की इस पहल से जिले के किसानों को आधुनिक कृषि की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
