पीलीभीत में इंटरनेट मीडिया से शुरू हुई दोस्ती कथित तौर पर शोषण, तीन बार गर्भपात और मतांतरण के दबाव तक पहुंच गई। अमरिया क्षेत्र की एक हिंदू युवती की शिकायत पर पुलिस ने बीसलपुर निवासी राजा मिर्जा उर्फ शैलम समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, करीब चार साल पहले इंटरनेट मीडिया के जरिये युवती की राजा मिर्जा से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि दो अप्रैल 2022 को युवक ने युवती को मिलने के लिए बुलाया और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद शारीरिक संबंध बनाए और वीडियो भी बना लिया। आरोप है कि इसी वीडियो के जरिये युवती को धमकाकर संबंध बनाए रखने के लिए मजबूर किया गया। युवती का आरोप है कि युवक शादी का भरोसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
युवती के अनुसार, जून 2023 में तीन माह की गर्भवती होने पर बीसलपुर में गर्भपात कराया गया। आरोप है कि दिसंबर 2024 में दोबारा गर्भवती होने पर गर्भपात कराया गया और मई 2025 में फिर गर्भवती होने पर छह माह के जुड़वा बच्चों का गर्भपात कराया गया। शिकायत में युवक के पिता रियासत बेग, मां निशात, चाची मुन्नी और बहनों सना मिर्जा, सफा और बुशरा पर भी संबंध बनाए रखने का भरोसा देने और समय आने पर शादी कराने की बात कहने का आरोप लगाया गया है।
युवती का आरोप है कि युवक शादी के लिए मतांतरण करने का दबाव डाल रहा था और विरोध करने पर वीडियो प्रसारित करने की धमकी दे रहा था। परेशान होकर युवती ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। अमरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
