वाराणसी में बीएचयू की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ प्रो. उमा पांडेय ने ‘हेलो जागरण’ कार्यक्रम में कहा कि देश में सीजेरियन प्रसव की बढ़ती दर गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने गर्भावस्था, प्रसव और प्रसवोत्तर देखभाल के साथ महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
विशेषज्ञ के अनुसार, इंग्लैंड में 20 प्रतिशत, अमेरिका में 32 प्रतिशत और भारत के सरकारी अस्पतालों में 27 प्रतिशत सीजेरियन प्रसव हो रहे हैं, जबकि बीएचयू में यह प्रतिशत अधिक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसका मानक 10 से 15 प्रतिशत रखा है। उन्होंने बताया कि अधिक सीजेरियन का कारण गर्भवती महिलाओं और घर के लोगों का अधिक जोर देना है, जिसमें प्रसव पीड़ा और प्रसव संबंधी बीमारियां मुख्य वजह हैं।
प्रो. पांडेय ने चेताया कि सीजेरियन से सबसे गंभीर समस्या अगले गर्भ के दौरान प्लेसेंटा प्रीविया (खेड़ी) का बच्चेदानी में नीचे होना है। इस स्थिति में अधिक ब्लीडिंग हो सकती है, जिससे मां और गर्भस्थ शिशु दोनों को खतरा रहता है। उन्होंने बताया कि एक बार सीजेरियन होने पर दो साल तक गर्भधारण नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे बच्चेदानी का पुराना घाव खुल सकता है और खेड़ी नीचे हो सकती है। मेडिकल सलाह में दो ही सीजेरियन की अनुमति है।
कार्यक्रम में उन्होंने पेशाब में जलन, अनियमित मासिक धर्म, कम ब्लीडिंग और लीन पीसीओएस जैसी समस्याओं पर जांच के आधार पर इलाज की सलाह दी। उन्होंने कहा कि 35 वर्ष के बाद गर्भ में आनुवांशिक समस्याएं बढ़ जाती हैं, इसलिए उचित जांच करानी चाहिए। गर्भवती महिलाओं को त्योहारों में व्रत न रखने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि व्रत रखने पर फलाहार और पानी का सेवन जरूर करें। तनु सिंह, जाह्नवी चौबे और हर्षिता चौबे सहित कई लोगों ने कार्यक्रम में सवाल पूछे।
