बिहार भाजपा में संगठनात्मक मनोनयन का दूसरा चरण जल्द शुरू होने वाला है। पार्टी सात मोर्चों की टीम के साथ प्रकोष्ठों, विभागों और मीडिया से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां घोषित करने की तैयारी में है। प्रदेश नेतृत्व ने इन पदों के लिए योग्य कार्यकर्ताओं के नामों की सूची तैयार कर ली है। प्रदेश कार्यसमिति के गठन की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में बताई जा रही है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्य संगठन में मीडिया विंग यानी प्रवक्ता, मीडिया संयोजक, मीडिया प्रभारी और सह प्रभारी की घोषणा एक वर्ष से लंबित है। इन पदों पर मनोनयन के साथ ही संगठन में लंबे समय से खाली चल रहे कई महत्वपूर्ण पदों पर नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संजय सरावगी को 15 दिसंबर 2025 को बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद मई 2026 में प्रदेश पदाधिकारियों और सात मोर्चों के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई थी, लेकिन मोर्चों के पदाधिकारियों तथा प्रकोष्ठों और विभागों के प्रमुखों की नियुक्ति अब तक लंबित है।

पार्टी नेतृत्व अब संगठनात्मक ढांचे को पूरी तरह सक्रिय करने की तैयारी में है। इसी क्रम में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों के नामों की औपचारिक घोषणा भी की जाएगी। विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं के अनुभव को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार की जा रही है, जिसमें अनुभवी नेताओं के साथ कुछ युवा चेहरों को भी मौका देने की तैयारी है। पार्टी का प्रयास है कि संगठन में पीढ़ियों के बीच बेहतर समन्वय बने और सभी प्रकोष्ठ और विभाग पूरी क्षमता से काम करें।