पटना। बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए राजधानी पटना के फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया, मुजफ्फरपुर इंडस्ट्रियल एरिया और मधुबनी इंडस्ट्रियल एरिया में नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार इन इकाइयों से राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
फतुहा की इकाई में स्पाइस पास्ता और सोयाबरी यूनिट लगाई जा रही है। 7500 स्क्वायर फुट में 4.22 करोड़ रुपये की लागत से यह इकाई स्थापित हो रही है। इससे राजधानी और आसपास के लोगों को उच्चस्तरीय पास्ता व सोयाबरी के साथ रोजगार भी मिलेगा। हाल ही में फतुहा में मेडिकल सर्जिकल उपकरण निर्माण की नई यूनिट्स भी लगाई गईं और 73 औद्योगिक इकाइयों को 100 एकड़ से अधिक जमीन आवंटित की गई।
मधुबनी जिले के लोहट फेज-1 में प्लास्टिक स्टोरेज टैंक निर्माण के लिए नई इकाई लग रही है। बियाडा ने इसके लिए 2.84 करोड़ रुपये की लागत से 10,000 स्क्वायर फुट जमीन अधिग्रहित कर ली है। इस इकाई से मधुबनी, दरभंगा, सुपौल और आसपास के जिलों में उद्योग व रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
मुजफ्फरपुर के औद्योगिक क्षेत्र में ब्लू सेफ वाटर प्योरिफायर और इलेक्ट्रिक गीजर निर्माण की इकाई लगाई जा रही है। बियाडा ने इसके लिए 10,890 स्क्वायर फुट जमीन की स्वीकृति प्रक्रिया पूरी कर ली है। अधिकारियों के अनुसार 3.79 करोड़ रुपये की लागत से यह इकाई स्थापित होगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार बढ़ेगा और मेड इन बिहार विजन को नई पहचान मिलेगी।
