पटना में आयोजित आठवें DAV यूनाइटेड फेस्टिवल का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के हर जिले की पुलिस लाइन में DAV स्कूल खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि DAV संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पूनम सूरी से इसके लिए अनुरोध किया गया है और जिलाधिकारी स्कूल के लिए स्थान चिह्नित कर जमीन उपलब्ध कराएंगे। राज्य में कुल 50 पुलिस लाइन हैं और सेंट्रल स्कूल की तर्ज पर ये स्कूल खोलने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में लगभग डेढ़ लाख पुलिस बल है, जिसमें करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं, और उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना इस पहल का उद्देश्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और अगले एक साल में इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के बच्चों को उच्च और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े, इसके लिए प्रदेश में ही बेहतर शैक्षणिक संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में 534 प्रखंडों सहित 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल खोले गए हैं, जहां लगभग 4.5 लाख बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। जुलाई में मिली पहली रिपोर्ट के अनुसार रात एक बजे भी करीब डेढ़ लाख बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1947 से 2026 तक बिहार में मात्र 272 डिग्री कॉलेज थे, जबकि वर्तमान सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेज स्थापित करने के साथ उनमें शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की लगभग 62 प्रतिशत आबादी 29 वर्ष से कम उम्र की है और युवाओं को बेहतर शिक्षा व अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई के लिए लगभग 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की धरती रही है, जहां नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालय रहे हैं।
