पटना। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच के तहत दो सरकारी अधिकारियों से जुड़े बैंक लॉकरों की तलाशी ली है। इन लॉकरों से करीब 1.45 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण बरामद हुए हैं। जब्त आभूषणों में हाजीपुर सदर के तत्कालीन अंचलाधिकारी (सीओ) अंजय कुमार राय की बेटी और मधुबनी पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा के लॉकर शामिल हैं।

अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को आठ नवंबर को दीपावली के दिन पटना स्थित उनके आवास से पांच लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। उनके लॉकर से 1,143 ग्राम सोने के आभूषण मिले, जिनकी कीमत करीब 1.26 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण तथा 72 ग्राम चांदी के गहने भी बरामद हुए। उन पर सड़क निर्माण की दो योजनाओं के करीब 6.50 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान के बदले 19.50 लाख रुपये कमीशन मांगने का आरोप है।

दूसरी कार्रवाई एसबीआई की अलंकार पैलेस, बोरिंग रोड शाखा में हुई। यहां आरोपित सीओ अंजय कुमार राय की अविवाहित बेटी इशिका राय के खाते से जुड़ा लॉकर खोला गया। इसमें 209.9 ग्राम सोने के आभूषण मिले, जिनकी कीमत 16.55 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 210 ग्राम चांदी के आभूषण और चांदी के 49 सिक्के भी बरामद हुए, जिनकी कीमत क्रमश: 20,160 और 58,800 रुपये बताई गई है।

निगरानी ब्यूरो अब बरामद आभूषणों की खरीद, उनके स्रोत और धन के लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगा। अधिकारियों और उनके परिजनों की आय तथा संपत्ति का भी मिलान किया जाएगा।