पैकेज्ड पानी में कैंसरकारी तत्व मिलने के दावे के बाद बिसलेरी ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि उसका पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर सुरक्षित है। कंपनी के मुताबिक, रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली। कंपनी ने कहा कि मामला करीब 14 महीने पुराना है और उसे अब तक FSSAI की ओर से ईमेल या हार्ड कॉपी में कोई नोटिस नहीं मिला है। वहीं, FSSAI ने कंपनी के पानी के सैंपल को असुरक्षित घोषित करते हुए उसके खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दे दी है।
बिसलेरी के अनुसार, मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने प्लांट से पानी के 6 सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में 5 सैंपल तय मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस जांच के खिलाफ अपील की, जिसके बाद सैंपल दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा गया।
FSSAI के मुताबिक, रेफरल लैब में भी ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली और सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) भी पाए गए। बिसलेरी का कहना है कि रेफरल लैब ने ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर पाई, लेकिन सैंपल में PAHs की मौजूदगी भी बताई। कंपनी ने दोनों नतीजों में अंतर को देखते हुए उसी सैंपल की जांच FSSAI से मंजूर एक अन्य लैब में कराई, जहां भी ब्रोमेट तय सीमा के भीतर मिला। कंपनी ने 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र जांच की रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी थी और कहा कि इसके बाद उसे कोई और सूचना नहीं मिली।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, अब सभी कंपनियों के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल की जांच होगी। बता दें कि ब्रोमेट पानी को ओजोन से साफ करने के दौरान बन सकता है और इसे संभावित कैंसरकारी माना जाता है। PAHs पेट्रोल, डीजल, कोयला और प्लास्टिक जलने से बन सकते हैं और इनके कई यौगिक कैंसरकारी होते हैं। FSSAI के मानकों के मुताबिक, पैकेज्ड पानी में इनकी मौजूदगी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।
