भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड समेत पांच खाद्य कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी है। इन कंपनियों के उत्पाद असुरक्षित या घटिया पाए गए थे। साथ ही स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर दो खाद्य कारोबारों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

बिसलेरी के खिलाफ मुकदमे की मंजूरी उसके पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाए जाने पर दी गई है। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया है। रेफरल फूड लेबोरेटरी ने इसमें 'पॉलीसाइक्लिक एरोमेटिक हाइड्रोकार्बन' पाए जाने के बाद भी इसे असुरक्षित करार दिया है। रिपोर्ट लिखे जाने तक बिसलेरी इंटरनेशनल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कार्रवाई इसलिए की गई है, क्योंकि उसके मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली। टिट-बिट फूड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड पर भी मुकदमा चलाया जा रहा है, क्योंकि उसके मिर्च पाउडर में कीटनाशक के अवशेष और हल्दी पाउडर में टिन की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई।

मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के अखरोट की गिरी घटिया और असुरक्षित पाई गई। आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट-भरी कुकीज़ 'मिसब्रांडेड', घटिया और असुरक्षित पाई गईं, क्योंकि इनमें बताई गई चीनी की मात्रा और असल मात्रा में अंतर था। इसके अलावा खराब स्वच्छता और रीपैकिंग से जुड़ी समस्याओं के कारण 'उर्मी लाइफसाइंसेज LLP' और 'गौर आयुर्वेदिक स्टोर' के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।