पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने कहा है कि पांच साल की सेवा पूरी न होने पर भी कर्मचारी ग्रेच्युटी का हकदार हो सकता है, बशर्ते उसने पांचवें वर्ष में 240 दिन से अधिक काम किया हो। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस्तीफा देने से ग्रेच्युटी का अधिकार खत्म नहीं होता। हाई कोर्ट ने गुरुग्राम की कंपनी एमएस टेनॉन फैसिलिटी मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की याचिका खारिज करते हुए ग्रेच्युटी देने के आदेशों में हस्तक्षेप से इनकार कर दिया।

मामले के अनुसार, महिला कर्मचारी की नियुक्ति 22 सितंबर 2014 को कंपनी में मानव संसाधन प्रमुख के पद पर हुई थी। उसने दो अप्रैल 2019 को ईमेल के जरिए 60 दिन का नोटिस देकर इस्तीफा दिया। कंपनी ने उसी दिन इस्तीफा स्वीकार कर कार्यमुक्ति की तारीख 30 अप्रैल 2019 तय की और नोटिस अवधि के शेष समय के बदले एक महीने का वेतन दिया। 28 मई 2019 को कंपनी ने उसे सेवा प्रमाणपत्र और कार्यमुक्ति पत्र जारी किया।

कर्मचारी ने कहा कि नियुक्ति पत्र के अनुसार उसका नोटिस पीरियड 60 दिन का था और सेवा 28 मई तक मानी जानी चाहिए। उसने नियंत्रक प्राधिकारी के समक्ष ग्रेच्युटी का दावा किया। प्राधिकारी ने दो अगस्त 2021 को कंपनी को 2,88,462 रुपये ग्रेच्युटी और 63,053 रुपये ब्याज, कुल 3,51,515 रुपये देने का आदेश दिया। समय पर भुगतान न होने पर ग्रेच्युटी राशि पर 10 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने को भी कहा गया। कंपनी की अपील सात अक्टूबर 2022 को खारिज हो गई।

कंपनी ने हाई कोर्ट में दलील दी कि कर्मचारी ने चार साल और 216 दिन काम किया था और नोटिस अवधि के बदले दिया गया वेतन वास्तविक सेवा नहीं माना जा सकता। हाई कोर्ट ने पाया कि कंपनी के गवाह ने जिरह में 60 दिन के नोटिस पीरियड की बात स्वीकार की थी। अदालत ने सेवा अवधि चार साल और 249 दिन मानी, जिसमें पांचवें वर्ष में 240 दिन से अधिक काम शामिल था। ग्रेच्युटी भुगतान अधिनियम की धारा 2-ए (2) का हवाला देते हुए अदालत ने कहा कि निर्धारित दिनों तक काम करने पर निरंतर सेवा मानी जा सकती है और इस्तीफा इस लाभ से वंचित करने का आधार नहीं है।