सोनभद्र के चोपन ब्लॉक के दुर्गम इलाकों में रहने वाले गरीब और अशिक्षित आदिवासियों की जमीन पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण के नाम पर कथित वित्तीय फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। शुरुआती पड़ताल में यह किसी एक व्यक्ति के बजाय एक संगठित सिंडिकेट की सक्रियता के संकेत दे रहा है। आरोप है कि बैंक कर्मियों की मिलीभगत से आदिवासियों के जमीन संबंधी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम पर लाखों रुपये का ऋण स्वीकृत कराया जा रहा है।
एक बैंक अधिकारी ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर ओबरा, चोपन और डाला क्षेत्र के विभिन्न बैंकों में ऐसे सैकड़ों संदिग्ध प्रकरण होने की जानकारी दी है। आरोप है कि बिचौलिए सरकारी योजनाओं का लाभ, मनरेगा मजदूरी का भुगतान और आर्थिक मदद दिलाने का झांसा देकर आधार, बैंक खाते और जमीन के अभिलेख हासिल करते हैं। बाद में इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कथित कूटरचना कर केसीसी ऋण करा लिया जाता है।
हैरानी की बात यह है कि जिनके नाम पर कर्ज दर्ज है, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं होती। जमीन की खतौनी बंधक होने या राजस्व संबंधी काम में अड़चन आने पर उन्हें कर्जदार होने का पता चलता है। आशंका है कि ऐसे कई पीड़ित अब भी अनजान हैं।
इस पूरे प्रकरण ने बैंकिंग व्यवस्था की निगरानी, दस्तावेजों के सत्यापन और आदिवासियों की जमीन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
