भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के उत्तराखंड दौरे पर पलटवार किया है। एक वक्तव्य में जोशी ने कहा कि दौरे और बैठकों से कांग्रेस अपनी डूबती नाव नहीं बचा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता स्वयं छत्तीसगढ़ और हरियाणा में टिकट वितरण के विवादों, गुटबाजी और गंभीर आरोपों से घिरी रही हों, उनका उत्तराखंड में बयानबाजी करना जनता के साथ मजाक है।
जोशी ने कहा कि कुमारी सैलजा चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के दावे कर रही हैं, जबकि उत्तराखंड कांग्रेस गुटबाजी, अनुशासनहीनता और हताशा में धंसी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता और विधायक मंचों पर तोड़फोड़, माइक फेंकने और हिंसक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वहीं पार्टी प्रभारी रैलियों और हस्ताक्षर अभियान के नाम पर झूठा नैरेटिव गढ़ने में जुटी हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शिता, संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प के साथ सीमांत क्षेत्रों से लेकर पहाड़ और मैदान तक विकास कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कुमारी सैलजा की रैलियों और बैठकों से प्रदेश के जनादेश पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
जोशी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस के झूठे अभियानों को खारिज करते हुए लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाएगी।
