कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव के बहिष्कार से साफ इनकार कर दिया है। शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव नहीं लड़ेगा तो इससे भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को पवित्र बताते हुए कहा कि जब तक उनके पास पूरी तरह ठोस सबूत न हों, तब तक यह कहना भी मुश्किल है कि व्यवस्था में कोई समस्या है। इस कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रॉबर्ट पेप कर रहे थे।
गांधी ने कहा कि विपक्ष की रणनीति चुनाव लड़ते रहने और चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को जनता के सामने लाने की है। उनके मुताबिक, अगर विपक्ष चुनाव लड़ने से इनकार करता है तो जनता की नजर में चुनावी प्रक्रिया की वैधता पर सवाल उठेंगे और विपक्षी कार्यकर्ताओं व समर्थकों पर भी इसका असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वे भारतीय लोकतंत्र का ढांचा कमजोर नहीं करना चाहते। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी खुद विपक्षी नेताओं को कथित अनियमितताओं की जानकारी दे रहे हैं।
राहुल गांधी ने आरएसएस और भाजपा पर आरोप लगाया कि ये अब सामान्य राजनीतिक दल नहीं रह गए हैं और देश के बड़े औद्योगिक घरानों के साथ मिलकर काम करते हैं। उन्होंने चंदे का हवाला देते हुए कांग्रेस और भाजपा के खर्च की तुलना करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भारतीय विश्वविद्यालयों में छात्रों से बातचीत की अनुमति नहीं दी गई, जबकि शिकागो, कोलंबिया और हार्वर्ड में वह ऐसा कर सकते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि 2014 के चुनावों के बाद उन्हें चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का संदेह था, लेकिन पार्टी नेताओं ने इन दावों को सार्वजनिक न करने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने सबूत दिखाए तो पार्टी नेताओं ने उनसे ऐसा न कहने की गुजारिश की।
