उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। असम की रहने वाली महिला इंदिरा देवरी उर्फ जेनी ने नाबालिग रहते हुए कथित दुष्कर्म, अपहरण, बंधक बनाने और यौन उत्पीड़न के आरोपों में गुवाहाटी के पानबाजार महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2002-03 में जब वह 16 वर्ष की थी और हरक सिंह रावत राज्य सरकार में राजस्व मंत्री थे, तब उनके एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने उसे मंत्री के सरकारी आवास पर पहुंचाया। महिला के मुताबिक, वहां उसे करीब डेढ़ से दो महीने तक जबरन रखा गया और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि उसे राजपुर रोड स्थित होटल मधुबन समेत अलग-अलग होटलों में भी ले जाया गया।
शिकायत के अनुसार, बार-बार हुए कथित यौन उत्पीड़न के चलते महिला गर्भवती हो गई, जिसके बाद उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। महिला का आरोप है कि बिना किसी वैध मजिस्ट्रेट के आदेश के उसे नारी निकेतन या सरकारी मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भेज दिया गया। जून 2003 में उसने देहरादून के सरकारी अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया। महिला का दावा है कि उस समय भी मामला दर्ज हुआ और सीबीआई जांच हुई, लेकिन वह हिंदी नहीं समझती थी और असमिया अनुवादक की व्यवस्था किए बिना उससे हिंदी में तैयार बयान पर हस्ताक्षर करा लिए गए। उसका आरोप है कि दिए गए अधिवक्ता ने भी उसकी बात उचित तरीके से नहीं रखी और नवजात का कभी डीएनए नमूना नहीं लिया गया।
महिला ने अपनी शिकायत में वर्ष 2016 में हरक सिंह रावत के करीबी बताए गए योगेंद्र सिंह चौहान के उससे संपर्क करने का भी जिक्र किया है। उसने पुलिस से खुद और अपने 23 वर्षीय बेटे के बयान मजिस्ट्रेट के सामने असमिया अनुवादक की मौजूदगी में दर्ज कराने, दोनों का ट्रिपल डीएनए परीक्षण कराने तथा वर्ष 2003 के नारी निकेतन, अस्पताल और सीबीआई से जुड़े रिकॉर्ड जब्त करने की मांग की है।
महिला की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में दुष्कर्म, अपहरण, अवैध बंधक बनाने, धमकी देने, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र समेत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। इसमें मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की धाराएं भी शामिल हैं। असोम में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला देहरादून स्थानांतरित किया गया है। देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।
