मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के जमात-उद-दावा का राजनीतिक मोर्चा मानी जाने वाली पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने पंजाब प्रांत की सूचना मंत्री अजमा बुखारी को पांच अरब पाकिस्तानी रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। यह नोटिस गुरुवार को भेजा गया।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि बुखारी ने अपने एक्स अकाउंट और टेलीविजन कार्यक्रमों में पार्टी को आतंकी संगठन, अवैध पार्टी और प्रतिबंधित संगठन बताया है। पीएमएमएल ने इससे पहले पिछले सप्ताह पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज को भी कानूनी नोटिस भेजा था, जिसमें आतंकी बताने वाली टिप्पणी वापस लेने और सात दिन के अंदर बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की गई थी। ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्यवाही शुरू करने की चेतावनी दी गई थी।
गौरतलब है कि हाफिज सईद को 2008 के मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है। पीएमएमएल को जमात-उद-दावा का राजनीतिक मोर्चा माना जाता है।
