हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी, जिसमें 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन की आगामी कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गुरुवार को प्रेमनगर आश्रम में तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के अनुसार, 21 नवंबर को पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्यसमिति बैठकें होंगी, जबकि 22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन किया जाएगा। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। रक्षा मंत्री 22 नवंबर को हरिद्वार पहुंचेंगे।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, चुनावी रणनीति और संगठन की आगामी कार्ययोजना पर मंथन होगा। निरीक्षण के दौरान पार्टी के जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
