समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खां की जेल से रिहाई के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। लखनऊ में मीडियाकर्मियों से बातचीत और सोशल मीडिया पर लिखे अपने पोस्ट में मौर्य ने कहा कि जमानत का अर्थ बेगुनाही नहीं होता। उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले का सम्मान है, लेकिन इससे आरोप खत्म नहीं हो जाते।
मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें याद दिलाना जरूरी है कि जनता ने उनकी वोट बैंक की राजनीति, रामभक्तों पर गोली चलवाने, दंगों, अपराधियों को संरक्षण देने, कानून व्यवस्था के ध्वस्त होने, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति को नहीं भुलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, बाबासाहेब को भू-माफिया बताने और जौहर विश्वविद्यालय के नाम पर जमीन कब्जाने के आरोपों का सामना करने वालों का बचाव करने पर जनता जवाब मांगेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता गुंडाराज, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की वापसी नहीं चाहती। उन्होंने दोहराया कि 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प अटल है। मीडियाकर्मियों से बातचीत में मौर्य ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश न दंगा प्रदेश बनेगा और न गुंडा प्रदेश। अपराधियों को छूट नहीं मिलेगी और अपराध, भ्रष्टाचार तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
