बाबा रामदेव के साथ लंबे समय तक चले विवाद के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह अब उनके साथ गले मिलते नजर आए हैं। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में बृजभूषण शरण सिंह बाबा रामदेव को प्रणाम करते और फिर दोनों एक-दूसरे को गले लगाते दिख रहे हैं। इस मौके पर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी पास खड़े नजर आए।

दोनों के बीच विवाद की शुरुआत नवंबर 2022 में हुई थी, जब बृजभूषण शरण सिंह ने एक कार्यक्रम में पतंजलि के घी पर सवाल उठाए थे और लोगों को शुद्ध दूध और घी के लिए घर पर गाय-भैंस पालने की सलाह दी थी। इसके बाद पतंजलि के आचार्य बालकृष्ण से फोन पर बातचीत भी हुई, लेकिन विवाद शांत होने के बजाय बढ़ता गया। जंतर-मंतर पर पहलवानों के आंदोलन के दौरान बाबा रामदेव ने महिला पहलवानों के आरोपों को गंभीर बताते हुए बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग की थी।

अगस्त 2025 में बृजभूषण शरण सिंह की बाबा रामदेव और पतंजलि को लेकर की गई टिप्पणी फिर चर्चा में आई, हालांकि उन्होंने अपनी टिप्पणी पर माफी मांगी और स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई। इसके बाद भी पतंजलि से जुड़ी शिकायतों को लेकर उनका रुख पूरी तरह शांत नहीं हुआ और मामला कानूनी रूप ले लिया। पतंजलि फूड्स की ओर से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर किए जाने की खबर सामने आई थी।

करीब चार साल चले इस विवाद के बाद दिल्ली में दोनों के बीच आमने-सामने मुलाकात हुई, जिसमें अयोध्या के महंत राजकुमार दास ने मध्यस्थता की भूमिका निभाई। बाबा रामदेव के मुताबिक, बृजभूषण शरण सिंह के मन में कुछ गलतफहमियां थीं, जो बातचीत के दौरान दूर हो गईं। रामदेव ने पतंजलि के घी और दवाइयों को नकली बताने वाले आरोपों को भी खारिज किया और विवाद खत्म होने की घोषणा की।