लखनऊ में गुरुवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर एक बैठक हुई। राजभवन कॉलोनी स्थित उनके आवास पर आयोजित इस बैठक में लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदाता पंजीकरण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा आवश्यक मतदाता फॉर्म भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

उप मुख्यवमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व आने वाला है और यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान को गंभीरता से लेते हुए घर-घर तक पहुंचना है और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने एवं आवश्यक संशोधन कराने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी सक्रियता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ इस अभियान में जुटें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। बैठक में अभियान की सफलता के लिए आपसी समन्वय, जनजागरूकता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, उपाध्यक्ष विनायक पांडेय, योगेंद्र पटेल, विधानसभा प्रभारी रामदेव पाल, अभियान संयोजक मान सिंह, मानस बाहरी, राजन वर्मा, महेंद्र राजपूत, रूपा देवी, पार्षद सुशील तिवारी पम्मी, आशीष हितैषी, अमित चौधरी, गिरीश मिश्रा, नरेंद्र पाल, नूतन नायक, सरिता मिश्रा, पीयूष दीवान, छावनी परिषद उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, विमल सिंह, ब्रजेंद्र सिंह, पुतन्नी सिंह, अतुल सिंह, दिलीप गुप्ता, पवन लोधी, कुलदीप मिश्रा एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।