मेघालय के जवाई इलाके में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक बीएसएफ जवान कथित तौर पर अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश की ओर चला गया। वहां बांग्लादेश के बॉर्डर गार्ड (BGB) ने उसे पकड़ लिया। जवाई इलाका बांग्लादेश के सिलहट जिले के सामने पड़ता है और यहां अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ नहीं लगी है। दोनों देशों के पर्यटकों की आवाजाही के कारण यह क्षेत्र काफी व्यस्त रहता है।
घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इनमें BGB के दो जवान भारतीय सुरक्षाकर्मी को मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में कुछ स्थानीय लोग भी नजर आए, जो कथित तौर पर भारतीय जवान के साथ धक्का-मुक्की करते दिखे। बताया गया कि उस समय जवान के पास वॉकी-टॉकी, इंसास राइफल और पंप-एक्शन गन थी। वीडियो में जवान वॉकी-टॉकी पर अपनी टीम को अलर्ट करते सुना जा सकता है।
एक अन्य जानकारी के मुताबिक, भारतीय जवान को बांग्लादेशी सीमा क्षेत्र में सबसे पहले स्थानीय लोगों ने पकड़ा था, जिसके बाद उसे BGB जवानों के हवाले कर दिया गया। डेली ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेशी सीमा सुरक्षा बल ने दावा किया था कि भारतीय जवान करीब 200 गज अंदर बांग्लादेशी क्षेत्र में पहुंच गया था।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद बीएसएफ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के कमांडरों के बीच संपर्क और बैठक हुई, और मंगलवार शाम तक जवान की सुरक्षित वापसी हो गई। भारत लौटने के बाद जवान को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। जवान की पहचान और घटना की विस्तृत परिस्थितियों पर सार्वजनिक रूप से अधिक जानकारी नहीं दी गई है। बीएसएफ भारत-बांग्लादेश के बीच 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा करता है।
