सिलचर: असम के कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर देर रात गश्त के दौरान BSF का एक 30 वर्षीय जवान लापता हो गया। सूत्रों को शक है कि सुरमा नदी के पास हुई झड़प के बाद बांग्लादेशी मवेशी तस्कर उसे अपने साथ ले गए। BSF की 75वीं बटालियन के के. वेणु काटीगोरा के अंतर्गत हरि नगर में तैनात थे। तय समय पर कैंप न लौटने पर BSF, कछार पुलिस और SDRF ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।

सूत्रों के अनुसार, रविवार देर रात कुछ संदिग्ध मवेशी तस्कर सुरमा नदी पार कर भारतीय सीमा में घुस आए थे। माना जा रहा है कि वे भैंसें चुराने आए थे। गश्त पर तैनात दो BSF जवानों ने उन्हें देखा और पीछा किया। बताया जा रहा है कि झड़प के बाद तस्कर पांच भैंसों को वहीं छोड़कर बांग्लादेश की ओर भाग गए। सूत्रों का दावा है कि वेणु को जबरन साथ ले जाया गया, जबकि दूसरा जवान कैंप लौट आया। सीमा के उस पार का इलाका बांग्लादेश के सिलहट डिवीजन के अमलशिद में आता है। BSF ने अभी तक अपहरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही यह बताया है कि वेणु कैसे लापता हुए।

वेणु के न लौटने पर हरि नगर कैंप ने काटीगोरा पुलिस को सूचना दी। सब-इंस्पेक्टर समन अली मजूमदार के नेतृत्व में पुलिस टीम तलाशी अभियान में शामिल हुई। SDRF के जवानों को सुरमा, कुशियारा और बराक-सुरमा-कुशियारा नदी प्रणाली के आसपास के इलाकों में तैनात किया गया है।

खबरों के मुताबिक, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश से भी मदद मांगी गई है, हालांकि इस बातचीत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना ने नदी सीमा पर सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, जहां सीमा पार से मवेशियों की तस्करी लगातार चुनौती बनी हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं कि क्या वेणु को सीमा के उस पार ले जाया गया है।