बुलंदशहर के गांव अलीनगर में बुधवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने श्याम कृपा धाम परिसर में खाटू श्याम मंदिर का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में चल रही सात दिवसीय भागवत कथा में पूजा-अर्चना भी की। समिति के सचिव मनोज चौहान ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मनोज बाल्मीकि ने अलीनगर गांव का नाम श्यामनगर रखने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि 41 बीघा में धाम के साथ गौशाला और गोकुल का निर्माण किया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों में सनातन धर्म और गौरक्षा की आवाज उठाने वालों पर लाठियां फटकारी जाती थीं। उन्होंने अली नगर के श्री श्याम कृपा धाम परिसर में बनने वाले भव्य खाटू श्याम मंदिर, गौशाला और गुरुकुल की स्थापना को सनातन धर्म और संस्कृति का प्रतीक बताया।

डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि राम भक्तों पर गोली चलवाने वालों को पहले रामलला के सामने नाक रगड़नी चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को आतातायियों की सरकार बताया।

कार्यक्रम की सुरक्षा में एसएसपी, डीएम समेत करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात रहे। इस मौके पर अयोध्या से आए रामबालक, धर्मदेव जी महाराज, प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक कृष्ण दुबे और क्षेत्रीय मंत्री दीपक ऋषि मौजूद रहे।