चंडीगढ़ के खुड्डा जस्सू गांव में शुक्रवार शाम 42 वर्षीय मोनिका का शव घर के स्टोर में पंखे से लटका मिला। वह अविवाहित थी और अपने भाई के साथ रहती थी। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। मोनिका पिछले कुछ महीनों से मानसिक परेशानी से जूझ रही थी और पीजीआई में उसका इलाज चल रहा था।
बुधवार को उसके भाई को घर में मोनिका का लिखा एक पत्र मिला था। पत्र में उसने पठानकोट जाने और एक-दो दिन में लौट आने की बात कही थी। साथ ही भाई से उसे तलाशने की कोशिश न करने को भी कहा था। इसके बाद से वह घर से लापता थी। भाई ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे भाई हथौड़ा लेने स्टोर में पहुंचा तो उसे मोनिका का शव मिला। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर सूचना दी। थाना सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। बुधवार को मिला पत्र जांच का हिस्सा है। शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवाया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाना है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।
