पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाना क्षेत्र में एक यूट्यूबर के घर में जबरन घुसकर शादी करने की जिद करने वाले युवक की पिटाई के नौ दिन बाद अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर यूट्यूबर के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है।
पूर्वी दिल्ली। मधु विहार थाना क्षेत्र में रहने वाली एक चर्चित यूट्यूबर के घर सात नवंबर को एक युवक जबरन घुस गया और उससे शादी करने की जिद करने लगा। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान गाजीपुर जिला निवासी अभिनव के रूप में हुई है, जो चेन्नई की एक कंपनी में नौकरी करता था। यूट्यूबर के स्वजन भड़क गए और उन्होंने युवक की जमकर पिटाई कर दी। मामले की सूचना यूट्यूबर के स्वजन ने ही पुलिस को दी।
पुलिस ने घायल युवक को एलबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसे राजीव गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। 15 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मधु विहार थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर यूट्यूबर के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है।
जांच में पता चला कि युवक कुछ महीने पहले भी यूट्यूबर के घर गया था, जब वह एक प्रशंसक के रूप में उससे मिला था। पुलिस के अनुसार युवक यूट्यूबर के वीडियो देखता था और उससे एकतरफा प्यार करने लगा था। वह इस बात से नाराज था कि यूट्यूबर किसी दूसरे युवक से शादी क्यों कर रही है, जबकि यूट्यूबर उसे जानती तक नहीं थी। यूट्यूबर की जल्द ही शादी होने वाली है और वह पिछले कुछ सप्ताह से अपनी शादी से जुड़े वीडियो इंस्टाग्राम व यूट्यूब पर अपलोड कर रही थी।
