रायपुर: छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। 1280 करोड़ रुपये की गड़बड़ी के मामले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को UAE से भारत लाया गया है। शुक्रवार देर रात उसे रायपुर की रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, ACB कोर्ट में जज की अनुपस्थिति के चलते उसे रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। ED की टीम अब 30 नवंबर तक विकास अग्रवाल से पूछताछ करेगी।
जांच एजेंसी के अनुसार, विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में फंड मैनेजर यानी मनीमैन की भूमिका में था और उसे घोटाले के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर का राइडहैंड माना जाता है। वह UAE में रहकर बोस्टन नाम की कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था। ACB-EOW का दावा है कि विकास अपने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के जरिए घोटाले की रकम से अनवर ढेबर के लिए सोना-चांदी खरीदवाता था। जांच में अब तक 200 किलोग्राम से ज्यादा सोना खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है।
EOW की जांच के मुताबिक, विकास अग्रवाल ने परिचित हवाला कारोबारियों के जरिए घोटाले की रकम देश के अलग-अलग शहरों में भिजवाई। दुबई में रकम भेजने के लिए वह खंजन ठक्कर के संपर्क में था, जो फिलहाल UAE की जेल में बंद है। भारत से हवाला के जरिए भेजे गए करोड़ों रुपये सुब्बू ने दुबई में खुद प्राप्त किए थे।
जांच एजेंसी के अनुसार, 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों से राज्य के खजाने को 1280 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। विकास शराब कारोबार से जुड़े लोगों और अधिकारियों के बीच मिलने वाली कमीशन की रकम का प्रबंधन करता था।
