छत्तीसगढ़ सरकार राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को यात्रा खर्च और खेल उपकरणों के लिए तीन लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दे रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों से 30 नवंबर तक आवेदन मांगे हैं।

योजना के तहत ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा व्यय और खेल उपकरणों पर होने वाले वास्तविक खर्च अथवा अधिकतम तीन लाख रुपये में से जो राशि कम होगी, वह प्रोत्साहन के रूप में दी जाएगी। खेल उपकरणों के मामले में खिलाड़ी द्वारा मांगी गई राशि या उपकरण के बाजार मूल्य में से कम राशि मान्य होगी। यात्रा व्यय की गणना वास्तविक यात्रा टिकट और संबंधित प्रमाणों के आधार पर की जाएगी।

लाभ के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व करना अनिवार्य है। एक खिलाड़ी को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाएगी। आवेदन के साथ प्रतियोगिता में भागीदारी का प्रमाण पत्र, चयन पत्र, वास्तविक यात्रा टिकट, खेल उपकरणों का अभिप्रमाणित कोटेशन, प्रभारी मंत्री की अनुशंसा या अनुमोदन की प्रति, मूल निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक या रद्द चेक की प्रति तथा आधार कार्ड और पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न करना होगा।

विभाग के अनुसार, आवश्यक मूल दस्तावेजों के अभाव में आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा और अपूर्ण, विलंब से प्राप्त या शर्तें पूरी न करने वाले आवेदन निरस्त किए जाएंगे। गलत जानकारी पाए जाने पर आवेदन निरस्त किया जा सकेगा और प्राप्त राशि वापस करने का दायित्व खिलाड़ी का होगा। प्रोत्साहन राशि की स्वीकृति के लिए संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सक्षम प्राधिकारी होंगे। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में आवेदन संचालक, संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़, सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, खेल भवन, जी.ई. रोड, रायपुर-492001 को भेज सकते हैं। आवेदन पत्र और अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 0771-2262177, 0771-2262178 तथा ई-मेल [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है।