अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की मंगलवार को जारी वैश्विक चीनी बाजार रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के सबसे बड़े चीनी उत्पादक देशों ब्राजील और भारत में उत्पादन घटने के बावजूद चीन में चीनी का उत्पादन घरेलू खपत की तुलना में तेजी से बढ़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, 2020-21 से 2025-26 सीजन के बीच चीन का चीनी उत्पादन 20 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 1.29 करोड़ टन हो गया है। इसमें गुआंग्शी और युन्नान प्रांतों में गन्ने की पैदावार का बड़ा योगदान रहा है; इन दोनों प्रांतों ने कुल बढ़ोतरी का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा दिया है।
उत्पादन बढ़ने और घरेलू खपत की वृद्धि धीमी रहने से चीन का चीनी आयात 2026-27 सीजन में घटकर 36 लाख टन रह सकता है, जो पिछले 10 साल का सबसे निचला स्तर होगा। 2025-26 सीजन में चीन का आयात 42 लाख टन रहने का अनुमान है। USDA के मुताबिक, उपभोक्ताओं की बदलती पसंद और चीनी के इस्तेमाल को लेकर बढ़ती जागरूकता घरेलू मांग की धीमी वृद्धि की प्रमुख वजहों में शामिल हैं। चीन में पहले से ही दूसरे देशों की तुलना में मिठास वाले उत्पादों की खपत कम रही है।
इसका असर चीन के चीनी भंडार पर भी दिख रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, 2025-26 सीजन के अंत तक चीन का चीनी स्टॉक करीब दोगुना बढ़कर 32 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि 2026-27 सीजन में इसके 45 लाख टन तक पहुंचने की संभावना है। चीन लंबे समय से दुनिया का सबसे बड़ा चीनी आयातक रहा है और ब्राजील तथा थाईलैंड जैसे प्रमुख निर्यातक देशों से बड़ी मात्रा में चीनी खरीदता रहा है। चीन की आयात मांग में कमी अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों पर दबाव डालने वाले प्रमुख कारणों में रही है।
USDA ने 2026-27 सीजन में वैश्विक चीनी उत्पादन करीब 5 प्रतिशत घटकर 17.81 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया है। भारत, यूरोपीय संघ, फिलीपींस और ऑस्ट्रेलिया में उत्पादन कम रहने से ग्लोबल सप्लाई प्रभावित हो सकती है, हालांकि चीन और रूस में उत्पादन बढ़ने से इस गिरावट का कुछ असर कम होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक चीनी खपत लगभग स्थिर रहकर 17.64 करोड़ टन रहने का अनुमान है, वहीं वैश्विक चीनी निर्यात 5 प्रतिशत घटकर 6.15 करोड़ टन रह सकता है। लगभग एक दशक के बाद भारत को चीनी का आयात करना पड़ा है। हाल के दिनों में अल नीनो के कारण भारत, ब्राजील और यूरोप के कुछ हिस्सों में उत्पादन प्रभावित होने की आशंका से अंतरराष्ट्रीय कीमतों का रुख बदला है।
