अमेरिकी अदालत ने पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को डोनाल्ड ट्रंप सहित अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने के आरोप में 27 साल छह महीने यानी 330 महीने की जेल की सजा सुनाई है। अमेरिकी न्याय विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 48 वर्षीय मर्चेंट को ब्रुकलिन की संघीय अदालत में जिला न्यायाधीश एरिक आर. कोमिटी ने यह सजा सुनाई। न्याय विभाग ने मर्चेंट को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इशारे पर यह साजिश रचने का दोषी माना है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, मार्च 2026 में एक संघीय जूरी ने मर्चेंट को अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के पार आतंकवाद की कोशिश करने और पैसे लेकर हत्या की साजिश रचने का दोषी ठहराया था। उसे ईरानी सरकार के वैश्विक आतंकवादी बल IRGC का प्रशिक्षित ऑपरेटिव बताया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार, मर्चेंट अपनी मर्जी से IRGC में शामिल हुआ और प्रशिक्षित इंटेलिजेंस एसेट बन गया। इसके बाद वह अमेरिका आया, ताकि ईरानी बल की ओर से अमेरिकी सरकारी अधिकारियों की हत्या के लिए हिटमैन ढूंढ सके और उन्हें पैसे दे सके।
मर्चेंट ने बताया कि ट्रंप के अलावा संभावित लक्ष्यों में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में पूर्व राजदूत निक्की हेली भी शामिल थे। उस समय ये सभी अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे। माना जा रहा है कि यह साजिश ईरान द्वारा अपने पूर्व IRGC कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने के लिए रची गई थी। सुलेमानी जनवरी 2020 में एक अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था।
अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए अमेरिका आए एक ईरानी एजेंट को उसके आपराधिक कार्य के लिए उचित सजा दी गई है। उन्होंने कहा कि न्याय विभाग हमारे नेताओं के खिलाफ रची गई विदेशी आतंकवादी साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा और तब तक नहीं रुकेगा जब तक कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह नहीं ठहराया जाता।
