अमेरिका में वैज्ञानिक के रूप में काम कर रहीं डॉ. खुशबू सिंह दस साल बाद अपने पैतृक गांव श्रुतिहार (अदलहाट, मीरजापुर) लौटीं। बुधवार को गांव में उनके स्वागत के लिए भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 51 महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर हिस्सा लिया। विभिन्न मंदिरों में पूजा के बाद यात्रा डीह बाबा पहुंची, जहां पूजा-पाठ, हवन और आरती हुई। इसके बाद यात्रा गांव से होते हुए उनके घर पहुंची, जहां रुद्राभिषेक किया गया।
डॉ. सिंह ने बताया कि चार वर्ष पूर्व अमेरिका में शोध के दौरान उन्होंने कैंसर रोगियों के लिए नैनो पार्टिकल की खोज की थी। इससे कीमोथेरेपी के दौरान मरीजों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव कम किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी ही उन्हें अमेरिका तक ले गई और पैतृक गांव आकर बचपन याद आ गया।
पिता विनोद सिंह ने इसे पूरे गांव की बड़ी उपलब्धि बताया। यात्रा में निर्मला सिंह, तारा देवी, सीमा सिंह, शैलवाला, स्मृता, पूजा, मीरा और निर्मला देवी सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
