सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले वकील को बुधवार को अवमानना नोटिस जारी किया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की उस याचिका पर हुई, जिसमें वकील के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की गई थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता, जॉयमाल्या बागची और वी. मोहना की तीन सदस्यीय बेंच ने वकील से जवाब मांगा है और नोटिस का जवाब देने के लिए 20 जनवरी 2027 की तारीख तय की है।

मामला सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की एक घटना से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट में एक वकील ने CJI सूर्यकांत से तीखी बहस की। वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले में जल्द सुनवाई चाहता था। जब CJI ने उसे इंतजार करने को कहा, तो वकील ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है। उस समय बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी मौजूद थे। वकील ने तय प्रक्रिया के बिना अपना मामला रखने के लिए पहले माफी मांगी थी, जिस पर जस्टिस वी. मोहना ने कहा कि वे इस तरह मामले का जिक्र नहीं कर सकते।

वकील की टिप्पणी के बाद कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक, बाद में सुरक्षाकर्मी उसे कोर्ट रूम से बाहर ले गए, जहां मौजूद अन्य वकीलों ने CJI से इस व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वकील के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

इससे पहले जुलाई में एक अन्य घटना में याचिकाकर्ता प्रबल प्रताप ने सुप्रीम कोर्ट में हंगामा किया था और CJI सूर्यकांत के खिलाफ अपशब्द कहे थे। उस समय सुनवाई कर रही बेंच में CJI सूर्यकांत शामिल नहीं थे। बेंच ने अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार करते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान लग रहा था और उसे कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं।