कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें UK जाने से रोक दिया गया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करके कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें रोक दिया गया। उनका कहना है कि रात 1 बजे की उनकी फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इसमें जाने नहीं दिया गया।
आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच ऑक्सफोर्ड यूनियन में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर पैनल चर्चा होनी थी। इसमें CJP संस्थापक अभिजीत दीपके और सौरव दास के नाम सूची में शामिल थे। ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र रूप से संचालित डिबेटिंग सोसाइटी है, जो ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।
सौरव दास ने आरोप लगाया कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे और उन्हें इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए UK जाने नहीं दिया गया।
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने सौरव दास का समर्थन करते हुए सरकार पर शिक्षित लोगों की आवाज दबाने की कोशिश का आरोप लगाया। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास का समर्थन किया और बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन ने उन दोनों को आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उनका वीजा रिजेक्ट कर दिया गया था और सौरव दास को रोका जाना शर्मनाक है।
