बर्लिन: 32 देशों के सैन्य गठबंधन नाटो और रूस के बीच अंतरिक्ष में गतिविधियों को लेकर तनाव बढ़ रहा है। नाटो ने उन रिपोर्टों पर चिंता जताई है, जिनमें कहा गया है कि रूस अंतरिक्ष में ऐसा उपग्रह लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है, जिसमें परमाणु हथियार हो सकता है। नाटो ने पृथ्वी की कक्ष के सैन्यीकरण को लेकर चिंता जाहिर की है और अंतरिक्ष में अपने हितों की रक्षा की बात कही है। हालांकि नाटो या मॉस्को ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है कि रूस वास्तव में परमाणु हथियारों वाला उपग्रह लॉन्च करने जा रहा है।

जर्मन मीडिया के मुताबिक, नाटो महासचिव मार्क रुटे ने सोमवार को बर्लिन में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से मुलाकात के बाद कहा कि गठबंधन अंतरिक्ष में मिलने वाले खतरों के खिलाफ अपना बचाव करेगा। उन्होंने कहा कि नाटो की सुरक्षा प्रतिबद्धताएं केवल जमीन, हवा और समुद्र तक सीमित नहीं हैं और नाटो क्षेत्र के हर हिस्से की रक्षा की जाएगी, जिसमें अंतरिक्ष भी शामिल है।

जर्मन ब्रॉडकास्टर और अखबारों ने सैन्य और खुफिया सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि रूस आने वाले कुछ हफ्तों में स्पुतनिक-S नाम का उपग्रह लॉन्च करने की योजना बना रहा है, जिसमें परमाणु हथियार लगे होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, इस उपग्रह का इस्तेमाल पृथ्वी की कक्ष में मौजूद संचार और निगरानी उपग्रहों को नष्ट करने के लिए किया जा सकता है। जर्मन सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा है कि इन रिपोर्टों को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है।

दूसरी ओर, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि उन्होंने हालिया मीडिया कवरेज नहीं देखी है और अज्ञात स्रोतों पर आधारित इन रिपोर्टों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। एएफपी के अनुसार, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के प्रमुख जोसेफ एशबैकर ने इस संभावना को सबसे भयानक स्थिति करार दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरिक्ष की कक्ष में परमाणु विस्फोट का असर केवल एक लक्ष्य तक सीमित नहीं रहेगा और इससे कई उपग्रहों को नुकसान पहुंच सकता है।