तेहरान: ईरान में बिना हिजाब पहने गाना गाने के मामले में गायिका परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारे गए हैं। उनके वकील मुस्तफा नीली ने सजा दिए जाने की पुष्टि की और बताया कि इसे सोमवार को कोम शहर में अंजाम दिया गया। अहमदी को सार्वजनिक रूप से शालीनता के अपमान का दोषी ठहराया गया था। उनकी कॉन्सर्ट टीम के चार सदस्यों को भी 74-74 कोड़े मारे गए।

वकील के मुताबिक, जिन लोगों को सजा मिली, उनमें अहमदी, कॉन्सर्ट आयोजक मोहसिन लश्कारी, संगीतकार सोहेल फकीह-नासिरी, अमीन ताहिरी और अमीर-अली पिरनिया शामिल हैं। कोम की एक अदालत ने इसी साल जून में इन पांचों को ऑनलाइन अश्लील और अनैतिक सामग्री बनाने और प्रकाशित करने का दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी। मामला एक ऑनलाइन वीडियो से जुड़ा है, जिसमें अहमदी पुरुष संगीतकारों के साथ परफॉर्म करती नजर आ रही हैं और उन्होंने अनिवार्य हिजाब नहीं पहना था।

यह वीडियो दिसम्बर 2024 में यूट्यूब पर पोस्ट किया गया था। इसे कोम शहर के पास स्थित ऐतिहासिक देर-ए गचिन कारवांसराय में शूट किया गया था। कोम को शिया मुसलमान पवित्र शहर मानते हैं और इसे धार्मिक रूढ़िवादिता का गढ़ माना जाता है। ईरान के कानून के तहत महिलाओं के सार्वजनिक परफॉर्मेंस पर रोक है और उन्हें हिजाब तथा शालीन कपड़े पहनना अनिवार्य है। वीडियो रिलीज के कुछ ही समय बाद अहमदी और उनकी टीम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसे "अवैध कॉन्सर्ट" कहा गया जो देश के "कानूनी और धार्मिक मानकों" के खिलाफ था।

कोड़े मारे जाने के साथ ही इन सभी पर 2 साल तक किसी तरह की ऑडियो-विजुअल म्यूजिक गतिविधियों में हिस्सा लेने और देश से बाहर जाने पर भी रोक लगाई गई है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इन सजाओं की कड़ी निंदा की है और कोड़े मारने को क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक बताया है। अहमदी के वकील ने सजा के खिलाफ अदालत में अपील की थी, जिसे सितम्बर में खारिज कर दिया गया। नीली ने कहा कि फैसले को पलटने या सजा पर रोक लगवाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन कुछ काम नहीं आया। उल्लेखनीय है कि ईरान में 2022 में अनिवार्य हिजाब के नियम के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे, जिनकी शुरुआत 22 वर्षीय कुर्द युवती महसा अमीनी की हिरासत में मौत के बाद हुई थी।