कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें ब्रिटेन (UK) जाने से रोक दिया गया। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के लिए जाना था, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट से उनकी रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इसमें जाने नहीं दिया गया।

आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक पैनल चर्चा होनी थी, जिसमें सौरव दास को शामिल होने के लिए बुलाया गया था। यह चर्चा दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच 'कॉकरोच मूवमेंट' पर होनी थी। इस चर्चा की सूची में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और सौरव दास के नाम शामिल हैं। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली एक डिबेटिंग सोसाइटी है, जो ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।

सौरव दास ने आरोप लगाया कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे, लेकिन उन्हें इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए UK जाने नहीं दिया गया।

इस बीच, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने सौरव दास का समर्थन किया है। CJP ने सरकार पर शिक्षित लोगों की आवाज दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास का समर्थन करते हुए बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन ने उन्हें और सौरव दास, दोनों को आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उनका वीजा रिजेक्ट कर दिया गया था और सौरव दास को रोके जाने को शर्मनाक बताया है।