उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर सोमवार को पार्टी की बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस की महत्वपूर्ण सहयोगी है और सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। सबको साथ लेकर चलना होगा। बैठक में सपा से सीट शेयरिंग पर चर्चा के लिए एक कमेटी बनाई गई है, जिसकी अगुआई प्रियंका गांधी करेंगी। कमेटी में केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और यूपी के वर्किंग प्रेसिडेंट इमरान मसूद शामिल हैं।

कांग्रेस ने सपा को करीब 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। पार्टी ने ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर दावा किया है कि इन इलाकों में उसकी स्थिति मजबूत है और पिछले कुछ महीनों में माहौल उसके पक्ष में बदला है। सूत्रों के अनुसार, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ 2.33% वोट मिले थे और पार्टी केवल 2 सीटें जीत सकी थी, जिसकी वजह से सपा में इस मांग को लेकर असमंजस है।

बैठक से पहले कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि 17 नवंबर को सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर बैठक होगी। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है और इस बारे में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा चल रही है। बैठक के बाद सीटों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

सपा और कांग्रेस के बीच 17 नवंबर को लखनऊ में सीट बंटवारे को लेकर औपचारिक बैठक होगी, जिसमें दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। दोनों दलों की कमेटियां एक-एक सीट पर जीत की संभावनाओं के आधार पर चर्चा करेंगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा जीतने की क्षमता के आधार पर होगा। बातचीत पूरी होने के बाद सीटों को लेकर अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा।