महानगर कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल वाराणसी में जिलाधिकारी से मिला और भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की जर्जर पुश्तैनी धरोहर तथा उनके परिवार की आर्थिक बदहाली पर ज्ञापन सौंपा। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खां काशी की गंगा-जमुनी तहजीब और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक थे, लेकिन उनके हड़हा स्थित मकान की हालत और परिवार की आर्थिक स्थिति प्रशासनिक उपेक्षा पर सवाल खड़े करती है। कांग्रेस ने मकान का तत्काल सर्वेक्षण कराकर संरक्षण और जीर्णोद्धार तथा परिवार को उचित सरकारी सहायता देने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न मार्गों के डिवाइडरों पर कमल के फूल जैसी आकृतियां लगाए जाने पर भी आपत्ति जताई। चौबे ने कहा कि कमल भाजपा का चुनाव चिह्न है और सार्वजनिक धन से होने वाले सौंदर्यीकरण कार्यों में राजनीतिक दल के चिह्न जैसी आकृति का इस्तेमाल सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि इन आकृतियों के स्थान पर भगवान शिव के प्रतीक डमरू या त्रिशूल लगाए जाएं, जो काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप हों।

इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी आवास पर जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी। कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस कलाकार ने काशी की संस्कृति को दुनिया में पहचान दिलाई, उसी की धरोहर और परिवार को संरक्षण के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

ज्ञापन देने वालों में मनीष शर्मा, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, प्रवीन प्रकाश, राजू राम, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कंब्बन, प्रमोद वर्मा, नरसिंह वर्मा, अब्दुल हमीद डोडे, आशिष केशरी, लोकेश सिंह, लालजी यादव और राजेश सोनकर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।