नई दिल्ली: अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) ने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नियुक्तियों की विस्तृत सूची जारी की, जिसमें कुल 81 सचिव शामिल हैं। इन पदाधिकारियों को विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और पार्टी की मुख्य संगठनात्मक इकाइयों में तत्काल प्रभाव से तैनात किया गया है।

बिहार के लिए तीन नए एआईसीसी सचिव नियुक्त किए गए हैं। जारी सूची के अनुसार प्रदीप नरवाल, प्रो. प्रकाश सोनावणे और महबूब पाशा बिहार में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की देखरेख करेंगे। वहीं, बिहार कांग्रेस के दो नेताओं का कद भी बढ़ाया गया है। अजय कुमार पासवान और गुंजन पटेल को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त करते हुए क्रमशः मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल का प्रभार सौंपा गया है।

झारखंड के संगठनात्मक ढांचे में भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं। राज्य में भूपेंद्र मरावी और अवनीश काजला को सचिव बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, झारखंड से कांग्रेस के लिए राज्यसभा चुनाव लड़ चुके प्रणव झा को कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय से जोड़ा गया है। पार्टी के मुताबिक इन सभी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

गौरतलब है कि संगठनात्मक कार्यों को मजबूती देने के लिए कांग्रेस ने कई राज्यों में एक से अधिक सचिव नियुक्त किए हैं। एआईसीसी की इस सूची में कुल 81 सचिवों को नियुक्त या पुनर्नियुक्त किया गया है, जिन्हें अलग-अलग राज्यों और इकाइयों की जिम्मेदारी दी गई है।