विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गुरुग्राम में मतदाता सूची संशोधन की प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग ने समय-सारिणी में बदलाव किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है, जिसके लिए सूची में दर्ज नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच जरूरी है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब दावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए 15 दिसंबर तक का समय दिया गया है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जाएगा। पहले निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव होने से मतदाताओं को सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

उत्तम सिंह ने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है या दर्ज विवरण में कोई गलती है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत 15 दिसंबर तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है। कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है।

युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों को भी सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनानी चाहिए। मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए सभी नागरिकों को अंतिम सूची के प्रकाशन से पहले अपने नाम और अन्य जानकारियों की जांच कर लेनी चाहिए।