आगरा में ताजमहल परिसर के अंदर कथित तौर पर वीडियो बनाकर राजनीतिक नारे लगाए जाने का मामला सामने आया है। 'खुद्दाम-ए-रोजा ताजमहल उर्स कमेटी' के चेयरमैन ताहिरुद्दीन ताहिर ने आरोप लगाया कि एक भाजपा नेता ने परिसर में 'राधे-राधे कमल खिला दे' जैसा नारा लगाया और 'जय श्री राम' का उद्घोष किया। मीडिया से बातचीत में ताहिर ने कहा कि यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिसके बाद इस पर आपत्ति जताई गई।
ताहिर ने कहा कि ताजमहल केंद्र सरकार द्वारा संरक्षित स्मारक है, जहां नियमों के तहत राजनीतिक नारे लगाने, बैनर लगाने और प्रचार-प्रसार पर रोक है। उन्होंने इस गतिविधि को अवैध बताते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार और एएसआई को समय रहते कदम उठाना चाहिए।
उर्स कमेटी चेयरमैन ने चेतावनी दी कि अगर ऐसी गतिविधियों की अनुमति दी गई तो यह ऐतिहासिक स्मारक राजनीतिक अखाड़ा बन सकता है। उन्होंने कहा कि आज कमल खिलाने के नारे लगाए जा रहे हैं, कल साइकिल या हाथ जैसे अन्य राजनीतिक प्रतीकों से जुड़े नारे लगाए जा सकते हैं। उनके मुताबिक, ताजमहल को राजनीतिक संदेश देने का मंच या राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र नहीं बनाया जा सकता।
यह विवाद ऐसे समय उठा है जब घोषणा की गई थी कि 'विश्व धरोहर सप्ताह' के दौरान आगरा में केंद्र सरकार द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों में पर्यटकों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। ताहिर ने आगाह किया कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं।
