लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर कांग्रेस ने अपनी रणनीति में बदलाव के संकेत दिए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अब 181 सीटों की मांग पर अड़े रहने के बजाय उन विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान देगी, जहां उसके उम्मीदवारों की जीत की संभावना मजबूत है। दोनों दल सीटों की संख्या के साथ-साथ हर विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक स्थिति, संगठन की ताकत और जीत की संभावनाओं पर भी चर्चा करेंगे। मंगलवार को प्रस्तावित बैठक टल गई है और अब 21 नवंबर के बाद सीट शेयरिंग पर अगले दौर की बातचीत होगी।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम से इतर राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच मुलाकात हुई। इस दौरान यूपी चुनाव में गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं के बीच सीट शेयरिंग का एक ड्राफ्ट भी सामने आया है, हालांकि इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है। अब दोनों दलों के नेता इस ड्राफ्ट और अपने-अपने प्रस्तावों के आधार पर आगे की रणनीति तैयार करेंगे।

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सपा कांग्रेस को उतनी सीटें देने की स्थिति में नहीं है, जितनी पहले मांग की जा रही थी। ऐसे में कांग्रेस अब सीटों की संख्या के बजाय उनकी चुनावी उपयोगिता को प्राथमिकता देने की तैयारी में है। दोनों दल अपने-अपने सर्वे और जमीनी फीडबैक के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों का आकलन करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन में उम्मीदवारों और चुनाव चिह्न को लेकर भी कुछ नए विकल्पों पर विचार हो सकता है, जिसके तहत सपा के कुछ उम्मीदवार कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

सीट शेयरिंग के लिए कांग्रेस ने अपने स्तर पर समन्वय की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को भी अहम भूमिका दी गई है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि सपा नेताओं के साथ होने वाली औपचारिक बैठकों में प्रियंका गांधी खुद शामिल होंगी या नहीं। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बैठक टलने की बात पर कहा कि बातचीत टली नहीं है, बल्कि शुरू हुई है और यह राहुल गांधी और अखिलेश यादव के स्तर पर शुरू हुई है। वहीं, अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा था कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन यह तय है कि इंडिया गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।