शीतकालीन सत्र से पहले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी है। पिछले सत्र में ये विधेयक पास नहीं हो सके थे, इसलिए सत्ताधारी भाजपा विपक्षी दलों से लगातार बातचीत कर रही है। डीएमके के साथ-साथ एनसीपी (एसपी) ने भी कहा है कि परिसीमन विधेयक को लेकर वह इंडी गठबंधन के साथ नहीं है और सदन में सरकार के पक्ष में वोटिंग की जाएगी।

शरद पवार की पार्टी के इस रुख पर महाराष्ट्र कांग्रेस ने एक्स के जरिए निशाना साधा है। कांग्रेस ने लिखा कि 85 साल की उम्र में शरद पवार को फिर से राज्यसभा भेजने के लिए पार्टी ने अंत तक उनका मजबूती से साथ दिया। पोस्ट के मुताबिक, मार्च 2026 में महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। एनसीपी (एसपी) के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि किसी उम्मीदवार को चुने जाने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।

कांग्रेस के अनुसार, सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना हिचकिचाहट सहमति दे दी। कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया, जिसके बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी समर्थन दिया और महा विकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि अब शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी परिसीमन कानून के मद्देनजर भाजपा सरकार का समर्थन करने जा रहे हैं।

यह आलोचना ऐसे समय की गई है जब शुक्रवार को एनसीपी (एसपी) नेता जितेंद्र आव्हाड ने घोषणा की कि उनकी पार्टी प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी। उन्होंने शरद पवार के साथ चर्चा के बाद इसे संवैधानिक आवश्यकता बताया और कहा कि यह चर्चा किसी औपचारिक राजनीतिक स्टैंड के बारे में नहीं थी। आव्हाड ने कहा, "परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का निर्णय लिया गया है और हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करेंगे।" वहीं, सुप्रिया सुले का रुख हाल के दिनों में नरम दिख रहा है। 26 नवंबर को उन्होंने कहा था कि विधेयक के प्रावधानों की जांच किए बिना उसे खारिज करना जल्दबाजी होगी और इसमें देश के लिए फायदेमंद उपाय हो सकते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों से कानून का विरोध सिर्फ इसलिए न करने की अपील की कि उसे सत्ताधारी सरकार ने पेश किया है, और रचनात्मक सुझाव देने तथा प्रावधानों का गहन मूल्यांकन करने पर जोर दिया। सुले ने यह भी कहा कि सभी राजनीतिक दलों को अपना रुख तय करने से पहले प्रस्तावित कानून का पूरा विवरण मिल जाना चाहिए।