गुरुग्राम की सड़कों पर अब 100 नई इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के बेड़े में शामिल इन बसों को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सेक्टर 48 ई-बस डिपो का उद्घाटन भी करेंगे।

सेक्टर-48 स्थित जीएमसीबीएल बस डिपो में होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के सीईओ डीके बेहेरा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की और मंच व्यवस्था, अतिथियों एवं नागरिकों के बैठने, पार्किंग, आवागमन, सुरक्षा प्रबंधों तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

बेहेरा ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों और गणमान्य अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सुचारू होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां निभाने और सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जीएमडीए के एडिशनल सीईओ मोहम्मद इमरान रजा, जीएमसीबीएल के एडिशनल सीईओ रविंद्र कुमार, संयुक्त निगम आयुक्त सपना यादव, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा सहित जीएमडीए तथा जीएमसीबीएल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।